shivraj-singh-chauhan

14 नवीन आश्रय स्थलों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख आवंटित

Madhya Pradesh News (MPIB) : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने जानकारी दी है कि 14 शहरों में आश्रय स्थलों के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रूपये स्वीकृत किये गए हैं। प्रति आश्रय स्थल 25 लाख रूपये स्वीकृत किये गए हैं। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित 119 आश्रय स्थलों के संचालन एवं संधारण के लिए 89 लाख 94 हजार रूपये आवंटित किये गए हैं।

वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य के 51 जिला मुख्यालयों और एक लाख से अधिक आबादी वाले 4 नगरीय निकाय डबरा, इटारसी, नागदा एवं पीथमपुर में 119 आश्रय स्थल संचालित हैं।

आश्रय स्थल में गरीबों को बुनियादी सुविधाओं जैसे हवादार कमरे, पलंग, गद्दा, तकिया, चादर, स्वच्छ पेयजल, पर्सनल लॉकर और मनोरंजन के लिए टी.वी., अखबार और पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार किट, स्नानागार एवं शौचालय की सुविधा के साथ गर्मी के मौसम में बेघरों की सुविधा के लिए कूलर व वाटर कूलर की भी व्यवस्था की जाती है। शीत ऋतु में ठंड में बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाये जाते हैं।

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के घटक शहरी बेघरों के लिये आश्रय अंतर्गत आश्रय स्थल का निर्माण एक लाख से अधिक आबादी वाले शहर और पर्यटन, ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों में किया जाना है।

राजेश पाण्डेय
error: Content is protected !!